रोहतक: जिले में धर्मांतरण का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. जहां एक तरफ चर्च के लोगों ने धर्म परिवर्तन के आरोपों से साफ इनकार कर दिया, वहीं हिंदू संगठनों की तरफ से धर्मांतरण के खिलाफ कानून बनाए जाने की मांग उठाई जा रही है. जिससे ये मामला लगातार खींचता चला जा रहा है. इसी के चलते रविवार को रोहतक में विश्व हिंदू परिषद का त्रिशूल धारण कार्यक्रम (Trishul Dharan program in Rohtak) आयोजित हुआ.
रविवार को रोहतक के इंदिरा कॉलोनी में त्रिशूल धारण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. ये कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद ने अभियान के तहत आयोजित किया गया. श्री वैष्णो देवी मंदिर में हुए इस कार्यक्रम में दर्जनों की संख्या में पुरूषों और महिलाओं ने हिंदू धर्म की रक्षा के लिए त्रिशूल धारण किया. इस कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद (Vishwa Hindu Parishad) के केंद्रीय संयुक्त मंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन प्रमुख तौर पर मौजूद रहे. गौरतलब ये है कि यह कार्यक्रम यीशू धाम चर्च से कुछ ही दूरी पर हुआ. इस चर्च के बाहर कुछ दिन पहले हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने जमकर हंगामा किया था और चर्च में धर्मांतरण का आरोप लगाया था.
हालांकि पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने धर्मांतरण की बात से इंकार किया था और अगले दिन ईसाई समुदाय के लोगों ने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की थी. जबकि 2 दिन बाद फिर हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन कर धर्मांतरण पर कानून बनाए जाने की मांग की थी. रविवार को हुए कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त मंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने धर्म की रक्षा का प्रण दिलवाया. सुरेंद्र जैन ने कहा कि अब समय आ गया है कि हिंदू धर्म की रक्षा के लिए त्रिशूल धारण करना होगा. इसी के साथ उन्होंने ईसाई मिशनरीज को खास तौर पर निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि चर्च के नाम पर धर्मांतरण कराया जा रहा है. जिसे किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.
Tags: