Sonipat: स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाएंगे: डाॅ अरविंद शर्मा
गोहाना की स्वच्छता रैंकिंग सुधारने पर जोर
सोनीपत: गोहाना में सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने में हर गोहानावासी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छता रैंकिंग में सर्वश्रेष्ठ स्थान दिलाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
बुधवार को गोहाना नगर परिषद क्षेत्र में आगामी पांच वर्षों के लिए शुरू की गई डोर टू डोर ठोस कचरा संग्रहण, अलगाव और परिवहन व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मंत्री की मौजूदगी में नगर परिषद वाइस चेयरपर्सन राजबाला मलिक और पार्षद विनोद कुमार ने कचरा उठान के लिए लगाए गए वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। डाॅ अरविंद शर्मा ने कहा कि अब शहर में घर-घर से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाया जाएगा। इससे सफाई व्यवस्था मजबूत होगी और शहर को साफ रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अगले पांच वर्षों तक सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने पर करीब 12 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए हर घर और प्रतिष्ठान पर आरएफआईडी टैग लगाए जाएंगे। कचरा उठान के दौरान इन टैग की स्कैनिंग होगी, जिससे ऑनलाइन निगरानी और रिकॉर्ड व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि व्यवस्था की नियमित जांच की जाए और लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाए। धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों से बातचीत करते हुए मंत्री ने ठेकेदार एजेंसी को पुराने कर्मचारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुराने सफाई कर्मचारियों को व्यवस्था में शामिल किया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम अंकित कुमार, डीसीपी जितेन्द्र गहलावत, ईओ दीपक गोयल, सचिव सुंदर, कृष्ण सैनी, आजाद मलिक, नन्हा राम, सुनील कुमार, नरेन्द्र, राम सिंह सैनी, सोनू, विनोद राजौरा, अंजू कालड़ा और विजय पांचाल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।