Sonipat: सोनीपत में बदमाशों का आतंक, शराब कारोबारी के घर फायरिंग कर फरार
रंजिश का बदला लेने पहुंचे बदमाश, शराब कारोबारी के घर पर की फायरिंग
सोनीपत: जिले के गन्नौर क्षेत्र के गांव गुमड़ में पुरानी रंजिश के चलते एक शराब कारोबारी के घर पर फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव गुमड़ निवासी कुनाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह समालखा क्षेत्र में शराब के ठेके संचालित करता है। उसके अनुसार करीब एक वर्ष पूर्व गांव के संदीप ठेकेदार के साथ मिट्टी बेचने के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान गांव के मनोज ने उस पर आरोप लगाया था कि उसने उनके पैसों से शराब के ठेके और वाहन खरीदे हैं। इस आरोप को लेकर दोनों पक्षों के बीच रंजिश पैदा हो गई थी। पीड़ित का कहना है कि इसी विवाद के चलते पहले भी उस पर जानलेवा हमला हो चुका है, जिसके संबंध में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है।
शिकायत के अनुसार करीब 20 दिन पहले उसकी गांव के मोहित के साथ मोबाइल फोन पर कहासुनी हुई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था। आरोप है कि इसके बावजूद 10 जून की आधी रात मोहित और उसके साथियों ने उसे फोन कर गाली-गलौज की। कुछ देर बाद मोहित, मनोज, रवि, बच्ची, काला और अन्य साथी कार में सवार होकर उसके घर पहुंच गए।
उस समय कुनाल अपने परिजनों के साथ मकान की छत पर बने कमरे में मौजूद था। आरोप है कि जैसे ही उसने खिड़की से नीचे झांककर देखा, मोहित ने पिस्तौल से उसकी ओर फायर कर दिया। गोली खिड़की के शीशे में लगी और समय रहते झुक जाने के कारण उसकी जान बच गई। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी फायरिंग की। घटना में मकान की खिड़की तथा उसकी आई-टेन कार का पिछला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खाली कारतूसों के खोल बरामद किए हैं। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है।