सोनीपत के छात्रों ने बनाया एग्रो रोबोट, प्रतियोगिता में तीसरा स्थान
खरखौदा के विद्यार्थियों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा, जीता तीसरा पुरस्कार
सोनीपत: एसजीटी यूनिवर्सिटी की ओर से आयोजित सिनर्जी-2026 प्रतियोगिता में खरखौदा के प्रताप सिंह मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने एग्रो रोबोट बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन ने उन्हें सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में स्कूल के छात्र ओजस, तन्मय और अर्जुन ने एग्रो रोबोट तैयार कर अपनी वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता और नवाचार का प्रदर्शन किया। उनके प्रोजेक्ट की निर्णायक मंडल ने सराहना की। टीम को तीसरे स्थान के लिए ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में छात्राओं अक्षिता, जिया और दीया ने भी भाग लिया।
स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्या दया दहिया, अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया, अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी मनजीत चौहान और शिक्षकों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया।
प्रधानाचार्या दया दहिया ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। स्कूल में विज्ञान और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अकादमिक निदेशक डॉ. सुबोध दहिया ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करती हैं। विजेता छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन को दिया।