सोनीपत: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह बढ़ रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने बताया कि 30 शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए अब तक लगभग 930 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 8 जुलाई कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष 28 कार्यक्रमों के लिए 15 जुलाई तक लगभग 1100 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद विश्वविद्यालय में करीब 750 विद्यार्थियों का नामांकन हुआ था, जिसके आधार पर हरियाणा खेल विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा एवं खेलों के क्षेत्र में देश का तीसरा सबसे बड़ा विश्वविद्यालय बना था।

कुलपति के अनुसार इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में लगभग 28 प्रतिशत महिला अभ्यर्थियों के हैं, जबकि करीब 70 प्रतिशत आवेदन हरियाणा से और शेष अन्य राज्यों से आए हैं। स्नातक स्तर पर बीपीईएस और बीएससी स्पोर्ट्स साइंस पाठ्यक्रमों को सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है। इन दोनों कार्यक्रमों के लिए लगभग 350 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। वहीं स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में एथलेटिक्स डिप्लोमा सबसे लोकप्रिय रहा है, जिसमें आवेदनों की संख्या 100 के करीब पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि एथलेटिक्स में जंपिंग, रनिंग और थ्रोइंग स्पर्धाओं के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की उपलब्धता तथा ओलंपिक पदक विजेता Neeraj Chopra की उपलब्धियों से युवाओं में इस खेल के प्रति विशेष आकर्षण बढ़ा है। इसके अलावा बॉक्सिंग, कबड्डी, शूटिंग, हॉकी, बास्केटबॉल और कुश्ती से जुड़े पाठ्यक्रमों में भी अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार बीपीईएस की प्रवेश परीक्षा 14 जुलाई को आयोजित होगी। 15 जुलाई को एमपीईएस, एमएससी और बीएससी की शारीरिक प्रवेश परीक्षा होगी। 16 और 17 जुलाई को पीजी डिप्लोमा कोचिंग पाठ्यक्रमों तथा 18 जुलाई को पीजी डिप्लोमा स्पोर्ट्स साइंस कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

Tags: