Sonipat: लखनऊ अग्निकांड के पीड़ित परिवार से मिले कैबिनेट मंत्री
अग्निकांड के बाद राहत और सहायता का आश्वासन
सोनीपत: लखनऊ के एक एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में गांव महीपुर के युवा भविष्य शर्मा की मौत पर हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ गांव महीपुर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सरकार और समाज इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भविष्य शर्मा को प्रतिभाशाली और मेहनती युवा बताते हुए कहा कि वह अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए लखनऊ स्थित एनीमेशन एवं गेमिंग संस्थान में कार्यरत थे। उनकी असमय मृत्यु न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि कम उम्र में किसी युवा का इस तरह दुनिया से चले जाना अत्यंत दुखद है और इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने भविष्य शर्मा के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
मौजूद लोगों ने दिवंगत भविष्य शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।