Sonipat: ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 2247 चालान, 1117 वाहन जब्त
यातायात नियमों के उल्लंघन पर 16 दिन में बड़ी कार्रवाई
सोनीपत: सोनीपत कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 16 दिन में 2,247 चालान किए और 1,117 वाहन जब्त कर थानों में खड़े कराए। मुख्यालय एवं यातायात पुलिस उपायुक्त सोनाक्षी सिंह के नेतृत्व में 1 से 16 सितंबर तक अभियान चलाया गया।
सोनीपत कमिश्नरेट पीआरओ एएसआई रविंद्र सिंह के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य काली फिल्म, मानक एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं लगाने, बिना नंबर प्लेट चलने वाले और मियाद पूरी कर चुके वाहनों पर रोक लगाना था। अभियान के दौरान सबसे अधिक 1,065 मियाद पूरी कर चुके बीएस-3 वाहनों को जब्त किया गया।
बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ 1,007 चालान किए गए और 34 वाहन जब्त किए गए। मानक एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं होने पर 838 चालान किए गए तथा सात वाहन जब्त हुए। वाहनों के शीशों पर काली फिल्म लगाने पर 402 चालान किए गए और 11 वाहन जब्त किए गए।
पुलिस ने वाहन एजेंसियों से संपर्क कर मानक एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले 163 वाहनों की पहचान भी की। इनमें 154 वाहनों पर तुरंत नियमानुसार एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाई गई, जबकि नौ वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वाहन चालकों से मानक एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने, काली फिल्म का इस्तेमाल नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।