भिवानी: हरियाणा के भिवानी जिले में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बिजली बोर्ड कॉलोनी में एक नवजात बच्चा पेड़ पर काली थैली में लटका हुआ मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने सुबह के समय पेड़ पर एक काली थैली लटकी देखी। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो उसमें एक नवजात शिशु मौजूद था। बच्चे के रोने की आवाज आने के बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। नवजात को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा करीब एक दिन का बताया जा रहा है। उसके शरीर पर जन्म के बाद की नाल भी जुड़ी हुई थी। पेड़ पर थैली में लटके रहने के कारण बच्चे का शरीर ठंडा पड़ गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी हालत में सुधार बताया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या कारण था। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा सकती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे तक वहां ऐसा कुछ नजर नहीं आया था। इसके कुछ समय बाद लोगों ने पेड़ पर थैली में बच्चे को देखा और उसके रोने की आवाज सुनी। इसके बाद तुरंत मदद के लिए कदम उठाए गए।
नवजात मिलने की घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोगों ने बच्चे को इस हालत में छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल बच्चा अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और नवजात के परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Tags: