करनाल: नहर में डूबा तीन बहनों का इकलौता भाई

Update: 2022-08-22 14:34 GMT

ब्रेकिंग न्यूज़: करनाल। क्षेत्र के जाणी गांव में दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे तीन युवक नहर में नहाने उतरे, जिसमें एक 17 वर्षीय किशोर डूब गया। पहले तो दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर भय के कारण उसके कपड़े व चप्पलों को झाड़ियों में छिपाकर भाग गए। जब परिजनों ने उनसे पूछा तो शाम करीब साढ़े छह बजे हादसे की जानकारी दी। इसके बाद गांव के दर्जनों लोग रात को ही नहर पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर रात गोताखोरों को मौके पर बुलाकर तलाश शुरू कराई गई जाणी गांव के निवासियों ने बताया कि गांव का युवक रोहित जो कि कक्षा 12 का छात्र है। अपने दोस्त व एक अन्य के साथ नहाने के लिए निकटवर्ती बड़ौता गांव के पास नहर पर गया था। शाम तक जब रोहित गांव वापस नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उसके दोस्तों से पूछा तो वह काफी भयभीत थे।

उन्होंने शाम करीब साढ़े छह बजे बताया कि रोहित का नहाते समय पैर फिसल गया और वह डूब गया। बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में पानी अधिक होने के कारण बचा नहीं सके। भय के कारण उसके कपड़े व चप्पलों को छिपाकर भाग निकले। इस खबर से गांव में खलबली मच गई। सैकड़ों ग्रामीण नहर पर पहुंचे। ट्रैक्टरों पर रस्सियां बांधकर नहर के पानी में उतर गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया है। काफी अंधेरा और पानी अधिक है, इसलिए तलाशने में दिक्कत हो रही है। देर रात तक रोहित का कुछ पता नहीं चला था। तीन बहनों में एकलौता है रोहित के मामा ने बताया कि रोहित अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई है।

10 दिन पहले ही वह बहनों के यहां से राखी बंधवा कर लौटा था। स्वभाव से काफी सीधा था। कॉलेज से आकर वह खेतीबाड़ी का काम करता था। गर्मी के कारण रविवार को अपने दोस्तों के साथ नहर पर नहाने चला गया था। हादसा करीब 3:30 बजे का बताया जा रहा है, लेकिन उसके दोस्तों ने शाम करीब साढ़े छह बजे घटना की जानकारी दी। यदि समय पर बता दिया होता तो शायद जल्द तलाश लिया जाता।

Tags:    

Similar News