Karnal: विवाह के नाम पर 90 हजार की ठगी, एक दिन बाद ही बहू को ले गए आरोपी
Karnal करनाल: इलाके के गांव कलहेड़ी में शादी का झूठा वादा करके एक महिला से करीब 90,000 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता ने घरौंडा थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि 13 नवंबर 2025 को करनाल के रहने वाले मांगा राम, मोदीपुर ढाकला के गुरनाम सिंह, गांधी नगर करनाल की सीमा, आरती और गौरव ने उसके बेटे की शादी कराने का वादा किया। आरोप है कि उन्होंने शुरू में बिचौलिया बनकर 500 और 600 रुपये लिए। इसके बाद संगरोली, यमुनानगर के रहने वाले रमेश की बेटी पूजा के माथे की मुंडन के लिए 4,500 रुपये लिए। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर 16,000 और 10,000 रुपये भी ले लिए। करीब तीन महीने पहले उन्होंने 13,000 रुपये और मांगे। कॉस्मेटिक के लिए 12,000 रुपये, मेहंदी के लिए 1,200 रुपये और सूट के लिए 1,400 रुपये लिए गए।
महिला का कहना है कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन 20 हजार रुपये और लिए गए। इसके अलावा पुजारी के नाम पर 3500 रुपये, कार किराए के लिए 2100 रुपये और फोटोग्राफर के लिए 500 रुपये लिए गए। अगले दिन भी 1000 रुपये कैश और मेकअप के नाम पर 1500 रुपये लिए गए। इस तरह कुल 90,300 रुपये खर्च हुए। पीड़िता के मुताबिक, शादी की रस्में पूरी होने के बाद बहू सिर्फ एक दिन ससुराल में रही। अगले ही दिन सभी आरोपी उसे अपने साथ ले गए। जांच अधिकारी उमेश त्यागी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।