आठ मेडिकल स्टोरों पर पुलिस और विभागीय टीमों की संयुक्त छापेमारी
नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए पुलिस का सख्त अभियान
हिसार: जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीमों ने जिले के मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी और जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल आठ मेडिकल स्टोरों की जांच की गई, जिसमें कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं।
दवाइयों के स्टॉक और खरीद-बिक्री रिकॉर्ड की जांच
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान संयुक्त टीमों ने मेडिकल स्टोरों में दवाइयों के स्टॉक, खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड और निर्धारित नियमों के पालन की पड़ताल की। जांच में एक मेडिकल स्टोर पर ड्यूल यूज दवाइयां उचित रिकॉर्ड के बिना स्टॉक में मिलीं। वहीं, दो अन्य मेडिकल स्टोरों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए।
इसके अलावा कुछ मेडिकल स्टोरों में दवाइयों की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों और अन्य निर्धारित नियमों के अनुपालन में भी कमियां मिलीं। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लाइसेंसिंग अथॉरिटी, हिसार जोन की ओर से ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री बर्दाश्त नहीं होगी: एसपी
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने स्पष्ट किया कि नशे के रूप में दुरुपयोग की जाने वाली दवाइयों की अवैध बिक्री और आपूर्ति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए कि वे दवाइयों की खरीद और बिक्री का पूरा रिकॉर्ड व्यवस्थित रखें तथा सभी निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन करें।