Haryana हरियाणा : हरियाणा के हिसार स्थित नागरिक अस्पताल में एक परिवार ने फ्रीजर के अंदर कीड़े पड़े देख शव रखने से इनकार करते हुए हंगामा कर दिया। अस्पताल में करीब तीन घंटे तक शोर-शराबा होता रहा।

इसके बाद फ्रीजर के साफ करने के दौरान उसमें करंट उतर गया। इससे खफा होकर परिजनों ने कहा कि अब बिल्कुल नहीं रखेंगे। मिली जानकारी के मुताबिक फतेहाबाद में कर्ण सिंह (18) सोमवार को फतेहाबाद-भूना रोड पर हादसे में घायल हो गया था। कर्ण सिंह बाइक से जा रहा तो किसी गाड़ी ने उसे टक्कर मार दी थी। परिजनों ने उसे पहले फतेहाबाद और बाद में हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। निजी अस्पताल में कर्ण सिंह की मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।

शाम 5 बजे के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया बंद हो गई थी। चिकित्सकों ने कहा कि शव को फ्रीजर में रखवा दीजिए। मंगलवार की सुबह पोस्टमार्टम होगा। परिजन जब फ्रीजर में शव रखने के लिए गए तो वहां कीड़े चलते हुए देखे। इसके बाद परिजनों ने शव रखने से इनकार कर दिया। मृतक के परिजनों ने कहा कि हम अपने बच्चे के शव की इस तरह से बेकद्री नहीं कराएंगे। परिजनों ने कहा कि हम यहां पर किसी सूरत में शव नहीं रखेंगे। अस्पताल प्रशासन के कर्मियों ने फ्रीजर को साफ कराया तो उसमें करंट आ गया। मृतक के परिवारजनों ने कहा कि ऐसा अपमान किसी का नहीं होना चाहिए।

परिजनों ने फ्रीजर की वीडियो भी मीडिया कर्मियों को दिखाई। बाद में दूसरे कमरे में शव को रखवाया।इसी साल जनवरी महीने की 12 तारीख को नारनौंद क्षेत्र के राजपुरा निवासी 40 वर्षीय महेंद्र की जेल में मौत हो गई थी। शव को शवगृह के सामने बने एक कमरे में रखे डीप फ्रीज में रखवा दिया गया था। अगले दिन सुबह महेंद्र के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के लिए शव को डीप फ्रीज से बाहर निकाला तो देखा शव को जगह-जगह से चूहों ने कुतर रखा था, जिसको लेकर परिजनों ने विरोध जताया। मामला मीडिया में आया तो फ्रीजर को रिपेयर कराया गया था।

Tags: