हिसार: हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबद्ध सेवानिवृत्त कर्मचारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य उपप्रधान एमएल सहगल के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त को उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो के कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

एसोसिएशन के नेताओं राजबीर सिंधु और राजपाल नैन ने बताया कि हरियाणा रोडवेज हिसार डिपो की सभी यूनियनों की संयुक्त संघर्ष समिति पिछले 55 दिनों से धरने पर बैठी है। उनका आरोप है कि डिपो महाप्रबंधक राहुल मित्तल कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समाधान करने के बजाय उनका उत्पीड़न कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को 15 सूत्रीय मांगपत्र विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और महाप्रबंधक को सौंपा गया था, लेकिन अब तक किसी भी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि सीएम फ्लाइंग की छापेमारी के दौरान रोडवेज कार्यशाला में पेड़ों की कथित अवैध कटाई का मामला सामने आया, जिसमें हाईकोर्ट की रोक के बावजूद 141 पेड़ उखाड़े गए। इसके अलावा महाप्रबंधक पर नियमित रूप से कार्यालय में देरी से आने का भी आरोप लगाया गया। एसोसिएशन का कहना है कि इससे कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और आम यात्री परेशान हो रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 8 जुलाई को महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर रोष धरना दिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में राजपाल नैन, बलबीर देशवाल, महेंद्र सिंह, राजबीर सिंधु, भरत सिंह पूनिया और राजेंद्र सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।

Tags: