हिसार: ग्वालियर में जारी चतुर्थ अस्मिता सब-जूनियर हॉकी लीग के अपने ग्रुप में हरियाणा ने शुरुआत के दोनों मैच जीतकर सेमीफाइनल में अपनी दावेदारी पक्की कर ली है। यह प्रतियोगिता 28 अप्रैल तक जारी रहेगी।
कोच अजय शर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि पहले ही मैच में हॉकी हरियाणा ने कर्नाटक की टीम को एकतरफा मैच में 9-0 से पराजित किया। हरियाणा की ओर से हिसार की अंजलि ने दो गोल दागे। हिसार की विशाखा, वंशिका और ज्योति ने एक-एक गोल करके अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इनके इलावा सोनीपत की रीतिका ने दो गोल, आरती और चंचल ने एक-एक गोल हरियाणा के लिए दागा। उन्होंने बताया कि हरियाणा का दूसरा मैच आंध्र प्रदेश के साथ हुआ, जिसमें हरियाणा ने आंध्र प्रदेश को 7-1 से पराजित किया और पूल में टॉप कर सेमी फाइनल में अपनी दावेदारी पक्की की।