हिसार: जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि आने वाले समय में जिले के प्रत्येक गांव में गांव-वार यात्राएं निकाली जाएंगी, जिससे संगठन को और मजबूत किया जा सके और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाया जा सके।

उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश नेतृत्व द्वारा जिला कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। तब तक वर्तमान में कार्यरत सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता ही संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और सभी को जिला कांग्रेस कमेटी का अभिन्न हिस्सा माना जाएगा।

बैठक में आगामी एसआईआर अभियान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मतदाता सूची का निरीक्षण कर अपने-अपने वोटों का सत्यापन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी प्रकार का फर्जी या गलत नाम सूची में शामिल न हो।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता इस अभियान को गंभीरता से लें और अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने में सहयोग करें।

Tags: