रोहतक। रोहतक नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विजय सिंह ने कहा है कि लापरवाही बरतने वाले और काम समय पर नहीं निपटने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निगम कर्मचारियों से आमजन के कार्य प्राथमिकता के तौर पर निपटाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कार्यालय में आने वाले लोगों के काम को लम्बित न रखा जाए। इससे उनको परेशानी होती है। उन्होंने बुधवार को प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के अधिकारियों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बतरने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा अधिकारियों के साथ मीटिंग आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आमजन के कार्यों का समय पर निपटान करना है। आमजन के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा सभी अधिकारियों कार्यप्रवाह बनाकर सार्वजनिक किया जा चुका है। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आमजन का कार्य समय पर न करने, बिना किसी कारण देरी करने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अतिरिक्त नोटिस व बिल वितरण एजेंसी के प्रतिनिधि को भी निर्देश दिए गए कि नोटिस, बिल वितरण के कार्य में तेजी लाए।
उन्होंने बताया कि नगर निगम के वर्ष 2023-24 से सम्बंधित नोटिस, बिल वितरण का कार्य प्राइवेट कंपनी को दिया है। आप अपनी संपत्ति की सही जानकारी सर्वेक्षक को उपलब्ध कराएं और अपना नोटिस प्राप्त करें। नोटिस प्राप्त करने उपरांत अपना परिवार पहचान पत्र संख्या, सम्बन्धित दस्तावेज सर्वेक्षक को अवश्य उपलब्ध कराएं ताकि निगम के रिकॉर्ड में आपकी संपत्ति का सही ब्यौरा दर्ज किया जा सके। यहां यह भी स्पष्ट किया जाता है कि संपत्तिकर के बिल वितरण व संपत्ति के विवरण को ठीक कराने का कार्य निःशुल्क है।