Haryana हरियाणा : हरियाणा में मौसम ने बुधवार सुबह एक बार फिर करवट ली। कैथल सहित कई जिलों में तेज हवाओं के बाद करीब तीन घंटे तक रुक-रुक कर झमाझम बारिश होती रही।
बारिश सुबह से दोपहर 12 बजे तक जारी रही, जिसके बाद दोपहर से शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, हालांकि इसके बाद बारिश नहीं हुई। बारिश के कारण जहां गर्मी से कुछ राहत मिली, वहीं शहर के निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के चलते सड़कें जलमग्न हो गईं और वाहन चालकों व राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था, जो गिरकर 33.2 डिग्री तक पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 28.1 से घटकर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आए इस बदलाव से खेतों में धान की रोपाई के कार्य को गति मिली और किसानों के चेहरे खिल उठे। गुहला-चीका खंड में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। कैथल शहर के माता गेट, पार्क रोड, हिंद सिनेमा चौक, कमेटी चौक, करनाल रोड, अंबाला रोड और अमरगढ़ गामड़ी सहित कई बाहरी और निचले क्षेत्रों में पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।