हरियाणा Haryana : जिला प्रशासन ने जिले के गोरिया गांव में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए योजना तैयार की है। इस परियोजना पर 9.71 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उपायुक्त प्रदीप दहिया ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना से गांव में जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान होगा। बुधवार को यहां आयोजित बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस परियोजना को स्वीकृत करवाकर जल्द से जल्द कार्य शुरू करवाएं।
परियोजना के तहत 10 किलोमीटर तक भूमिगत एचडीपीई पाइपलाइन, आरसीसी संपवेल, पंप हाउस, 11 सौर ऊर्जा चालित ट्यूबवेल व अन्य संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। गोरिया गांव में जलभराव की समस्या लंबे समय से लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। इस योजना के माध्यम से इस समस्या का प्रभावी समाधान किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि योजना में आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे न केवल जलभराव की समस्या का समाधान होगा, बल्कि झज्जर जिले में जल पुनर्भरण व पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होगा। योजना के तहत दो तालाब बनाए जाएंगे, एक झामरी गांव में और दूसरा ढलनवास गांव में। इन तालाबों का उद्देश्य क्षेत्र के जल स्तर को नियंत्रित करना है।
Tags: