Haryana : होली के दिन ज़मीन विवाद में सोनीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष की पड़ोसी ने गोली मारकर हत्या कर दी
हरियाणा Haryana : होली के दिन सोनीपत के गोहाना क्षेत्र के जवाहरा गांव में भाजपा के मंडल अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जवाहरा गांव निवासी 42 वर्षीय सुरेंद्र नंबरदार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक अपने घर के पास था, तभी उसके पड़ोसी ने उस पर गोली चला दी। सुरेंद्र खुद को बचाने के लिए एक दुकान की ओर भागा, लेकिन पड़ोसी वहां पहुंच गया और उस पर गोलियां चला दीं। सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। मंडल अध्यक्ष की हत्या के पीछे जमीन विवाद का संदेह है। गोहाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। इससे पहले सुरेंद्र नंबरदार इनेलो में थे, लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने 2021 में सुरेंद्र नंबरदार को पंचायती राज विंग का अध्यक्ष नियुक्त किया था।