हरियाणा: राज्य में अब तक 32.91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद, 2741.34 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ
चंडीगढ़ न्यूज़ स्पेशल: हरियाणा की मंडियों में एक अप्रैल से हुई रबी खरीद मौसम के दौरान अब तक खरीद एजेंसियों द्वारा 17 अप्रैल तक 32.91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की गई, जिसके लिए 2741.34 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि खरीदी गई 32.91 लाख मीट्रिक टन गेहूं में से 18.50 लाख मीट्रिक टन का उठान मण्डियों से किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि जिन किसानों ने भुगतान के लिए 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल पर पंजीकरण करवाते समय अपने बैंक खाते की संख्या या आईएफएससी कोड गलत अंकित कर दिया था उन किसानों को उनके मोबाइल पर एसएमएस भेज कर सूचित किया जा रहा है कि वे अपना बैंक खाता संख्या/आईएफएससी को ठीक करें। उन्होंने बताया कि मण्डियों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध है।