Haryana: 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, 2 आरोपी गिरफ्तार
Haryana हरियाणा: देश में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और विदेश और देश में बैठे साइबर जालसाज भोले-भाले लोगों की गाढ़ी कमाई पर पैनी नजर रख रहे हैं। वहीं साइबर थाना पुलिस भी लगातार उन ठगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है जो लगातार साइबर ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने ऐसे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो विदेशी मुद्रा व्यापार के बहाने लोगों से ठगी करते थे। जानकारी के अनुसार पुलिस की गिरफ्त में नजर आ रहे ये दोनों आरोपी गुरमीत और गुरलाल सिंह हैं जो सिरसा और अमृतसर के रहने वाले हैं।
इन दोनों ठगों ने सोनीपत मॉडल टाउन में रहने वाले एक व्यक्ति को पहले विदेशी मुद्रा व्यापार को लेकर झांसा दिया और उसके बाद दोनों ने उससे करीब 36 लाख रुपये ठग लिए, जब पीड़ित को ठगी का मामला समझ में आया तो उसने इसकी शिकायत सोनीपत साइबर थाना पुलिस को दी, पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की, पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि अन्य ठगी के बारे में भी पता लगाया जा सके।
इस मामले पर पुलिस प्रवक्ता रविन्द्र कुमार ने बताया कि मॉडल टाउन सोनीपत में रहने वाले एक व्यक्ति ने साइबर थाना में शिकायत दी थी कि उसके साथ विदेशी मुद्रा व्यापार में छत्तीस लाख रुपए की ठगी की गई है। इस मामले की जांच करते हुए गुरलाल और गुरमीत को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों से ठगी गई रकम में से 8 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं और दोनों से गहनता से पूछताछ की जा रही है।