Haryana Crime: लुदाना गांव में बीती रात किसी अज्ञात आरोपी ने पहले घर का दरवाजा खटखटाया। जब घर का मालिक दरवाजा खोलने लगा तो आरोपी ने पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी, जिसमें व्यक्ति बुरी तरह से झुलस गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। झुलसे व्यक्ति की शिकायत पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आग लगाकर जान से मारने का प्रयास करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले में आरोपी की तलाश कर रही है। लुदाना गांव निवासी चांदराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती देर रात वह दूसरे कमरे में चार्जिंग पर लगे फोन को उठाने गया था। उसी समय किसी ने घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर वह बाहर आया और जब उसने दरवाजा खोला तो एक व्यक्ति ने उस पर पेट्रोल की बोतल डाल दी। जब वह अंदर भागने लगा तो आरोपी ने उस पर जलती हुई माचिस फेंक दी, जिससे उसके शरीर में आग लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित चांद राम ने बताया कि जब आरोपियों ने उसे आग लगाई तो शोर सुनकर उसकी पत्नी और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। घायल को उसके परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने चांद राम की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आग लगाकर हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags: