कुलदीप बिश्नोई पर बरसे हरियाणा कांग्रेस प्रधान उदयभान, बोले- वो बिन पैंदे का लोटा, हमेशा स्वार्थ की राजनीति की

बड़ी खबर

Update: 2022-08-21 16:08 GMT
हिसार। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई स्वार्थ की राजनीति करता है। इसी के चलते उसने अपने पिता चौ.भजनलाल को भी धोखे में रखा था। वह बिन पैंदे का लोटा है, जिसने कांग्रेस में रहते हुए पार्टी की पीठ में छुरा घोंपने का काम किया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष शनिवार को यहां कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर आए हुए थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं के साथ बैठक की और आदमपुर उपचुनाव को लेकर चर्चा की। इस मौके पर उन्होंने कुलदीप बिश्नोई ने हमेशा जाट और नॉन जाट के नाम पर अपना हित साधने का काम किया है। कुलदीप न तो जाट का है, न बिश्नोई का है, वह तो केवल अपने स्वार्थ का है। उदयभान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को राजनीति ज्ञान कम होने के बयान देने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजनीतिक ज्ञान ही सिर्फ कुलदीप बिश्नोई को है। सी.एम. बनने के लिए हजकां बनाई तो पिता को भी नहीं बताया धोखे में रखा था। सी.एम. बनने के लिए बसपा में गए अब भाजपा में गए हैं, वहां यह नहीं पता क्या बनेंगे, टिकट मिलेगी या नहीं भी। भव्य बिश्नोई को आदमपुर उपचुनाव लड़वाने के कुलदीप के बयान पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भव्य को पहले भी चुनाव लड़वा कर देख लिया, उसमें नतीजा क्या रहा था यह सबको पता है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कुलदीप बिश्नोई से सवाल किया कि मेरे प्रदेशाध्यक्ष बनने से क्यों तकलीफ हुई। मैंने कभी इसके खिलाफ कोई शब्द नहीं बोले। जब पार्टी में था तो सम्मान करते थे। मैं कुलदीप बिश्नोई से पूछना चाहता हूं क्या वे प्रदेशाध्यक्ष नहीं बन सकते। कुलदीप बिश्नोई के कांग्रेस छोडऩे से पार्टी को कोई नुक्सान नहीं हुआ है। पार्टी एकजुट है। कुलदीप के साथ कोई नहीं गया। आज हालत यह है कि भाजपा सत्ता में है लेकिन प्रदेश के पूर्व मंत्री व पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। आदमपुर उपचुनाव में उम्मीदवार को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि उपचुनाव के लिए घोषणा होने दो। जो भी उम्मीदवार होगा मजबूत होगा। वहां से कांग्रेस उम्मीदवार भारी मतों से जीतेगा। किरण चौधरी की नाराजगी पर उन्होंने कहा कि कोई नाराज नहीं है। किरण चौधरी ने कांग्रेस के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है। वे भी कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्यक्रम चला रही हैं। ऐसे कार्यक्रम तो पार्टी के सभी नेताओं को चलाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी पंचायत चुनाव सिंबल पर नहीं लड़ेगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, नरेश सेलवाल, वरिष्ठ नेता डा. राजेन्द्र सूरा, धर्मवीर गोयत, योगेन्द्र योगी, दलजीत पंघाल, अनिल मान, ईश्वर मोर, वजीर पूनिया, जे.पी. ज्याणी आदि मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News

-->