Gurugram: निवेशकों से 50 लाख की ठगी, फाइनेंस कंपनी के अधिकारी निशाने पर
"50 लाख की ठगी का आरोप"
गुरुग्राम: सेक्टर-37 क्षेत्र में कारोबार करने वाले वरिष्ठ नागरिक ने एक निजी फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि तीन करोड़ के लोन के नाम पर लिए गए सादे कागज का दुरुपयोग कर 50 लाख रुपये की ठगी की है।
डीएलएफ फेज चार निवासी 66 वर्षीय दिनेश खन्ना ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में कहा कि उन्होंने तीन साल पहले एक निजी कंपनी से तीन करोड़ रुपये का लोन लिया था। इस कंपनी में तैनात अभिषेक यादव की ओर से सादे कागज पर लिए गए हस्ताक्षर का गलत इस्तेमाल करके उससे लाखों रुपये ठग लिए। इस बारे में जब उसने शिकायत सेक्टर 37 थाने में दी तो जांच अधिकारी ने मुकदमा दर्ज करने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये की मांग की थी। पूरे मामले की जानकारी एसीपी मानेसर, थाना प्रभारी सेक्टर 37 के पास थी मगर उसके साथ न्याय नहीं हुआ। पुलिस आयुक्त ने मामले की जांच डीसीपी मानेसर को सौंप दी है।
पीड़ित की ओर से दी गई शिकायत में पुलिस की ओर से जांच में लापरवाही व आरोपों की जांच के लिए डीसीपी मानेसर को जांच सौंपी गई है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा। - विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम।