Gurugram: गुरुग्राम पुलिस ने यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव के घर फायरिंग मामले में जतिन (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी का रहने वाला है और गुरुग्राम में रेपिडो बाइक चालक के रूप में काम करता था। यह घटना 17 अगस्त 2025 की सुबह 5:25 बजे हुई थी, जब तीन अज्ञात हमलावर बाइक पर सवार होकर एल्विश के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग की। सीसीटीवी फुटेज ने हमले की पुष्टि की। जांच में पता चला कि जतिन ने हमलावरों को अपनी बाइक उपलब्ध करवाई थी, जो बाद में पुलिस ने बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद जतिन को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी रखे हुए है और जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।