जींद: हरियाणा के जींद जिले के सफीदों स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है। झज्जर जिले की रहने वाली शिवानी की 18 नवंबर की रात हॉस्टल में मौत हो गई। पुलिस को छात्रा के पास से एक पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने राजस्थान के भरतपुर निवासी दीपक मीणा और नीतू मीणा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शिवानी पिछले करीब एक वर्ष से सफीदों के राजकीय नर्सिंग कॉलेज में जीएनएम की पढ़ाई कर रही थी। पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट में छात्रा ने वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से दोस्ती होने का जिक्र किया है।

नोट के अनुसार, युवक ने छात्रा की इंस्टाग्राम चैटिंग के स्क्रीनशॉट अपने पास रख लिए थे। आरोप है कि उसने बातचीत के दौरान छात्रा को विश्वास में लेकर उसके इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड भी हासिल कर लिया था।

इसके बाद युवक कथित तौर पर चैटिंग के स्क्रीनशॉट छात्रा के पिता को भेजने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। छात्रा ने अपने नोट में नीतू मीणा नाम की युवती का भी उल्लेख किया है। आरोप है कि वह भी इस मामले में शामिल थी और छात्रा लंबे समय से मानसिक तनाव का सामना कर रही थी।

हालांकि, सुसाइड नोट में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मृतका के पिता अशोक कुमार निवासी गांव कुजिया, जिला झज्जर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 नवंबर की रात करीब 10:15 बजे उनके पास कॉलेज की एक महिला अधिकारी का फोन आया था। उन्हें बताया गया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद उन्होंने सफीदों के आसपास रहने वाले अपने साले सावन को अस्पताल पहुंचने के लिए कहा। सावन करीब 30 से 45 मिनट में सफीदों अस्पताल पहुंच गए।

इसके बाद रात करीब 11:30 बजे थाना सदर सफीदों के एसएचओ ने अशोक कुमार को फोन कर जल्द सफीदों पहुंचने के लिए कहा।

अशोक कुमार के अनुसार, वह सूचना मिलने के करीब तीन घंटे बाद सफीदों पहुंचे, जहां उन्हें अपनी बेटी मृत अवस्था में मिली। बेटी की मौत से परिवार सदमे में है।

पिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और उनकी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सदर थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि छात्रा के सुसाइड नोट और पिता की शिकायत के आधार पर दीपक मीणा तथा नीतू मीणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने नागरिक अस्पताल में छात्रा के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।

फिलहाल पुलिस इंस्टाग्राम चैटिंग, कथित ब्लैकमेलिंग और सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Tags: