2027 तक बदलेगी हिसार की सूरत, ट्रैफिक सुधार के लिए कई बड़ी परियोजनाएं
हिसार में सिक्स लेन सड़क का रास्ता साफ होने का इंतजार, हाईकोर्ट की रोक से काम अटका
हिसार: हरियाणा के हिसार शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए सरकार ने विभिन्न विकास परियोजनाओं को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इसके तहत शहर की अंदरूनी सड़क को सिक्स लेन बनाने, प्रमुख चौक-चौराहों पर स्लिप रोड और सर्विस लेन विकसित करने तथा नए फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
गुरुवार को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए गठित विशेष समिति की छठी बैठक कैबिनेट मंत्री एवं समिति अध्यक्ष रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि शहर की अंदरूनी सड़क को सिक्स लेन बनाने के लिए सर्वे और बजट का प्रावधान पूरा हो चुका है। निर्माण कार्य के लिए टेंडर भी तैयार है, लेकिन पेड़ों की कटाई पर हाईकोर्ट की रोक के कारण काम शुरू नहीं हो पाया है। रोक हटने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
शहर के पुराने रेलवे ओवरब्रिज को हटाकर उसकी जगह सिक्स लेन पुल बनाने की भी तैयारी है। इसके अलावा बस अड्डे के सामने बने फुटओवर ब्रिज को हटाने का कार्य अंतिम चरण में है।
बस अड्डे के आसपास वाहनों की भीड़ कम करने के लिए मल्टीस्टोरी कार पार्किंग विकसित करने की योजना पर परिवहन विभाग के साथ बातचीत चल रही है। वहीं, बस अड्डे के पिछले गेट से बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस मार्ग को चौड़ा करने की भी योजना है, ताकि मुख्य सड़क पर बसों का दबाव कम हो सके।
डाबड़ा चौक पर पुल के साथ सड़क निर्माण कार्य जारी है, जबकि डाबड़ा माइनर पर सड़क निर्माण भी जल्द शुरू करने की तैयारी है। हालांकि, परियोजना के एक हिस्से में जमीन से संबंधित मामले एसडीएम कोर्ट में लंबित हैं। मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को इन मामलों का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कैंप चौक से रेस्ट हाउस की ओर स्लिप रोड बनाने के लिए भी कहा गया है।
बैठक में विधायक रणधीर पनिहार, विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता और मेयर प्रवीण पोपली ने शहर के विभिन्न मार्गों और चौराहों पर यातायात सुधार के संबंध में सुझाव दिए।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि अब केवल योजनाएं तैयार करने के बजाय उन्हें धरातल पर उतारने पर जोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से वर्ष 2027 तक हिसार की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम बनाना है।