पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने केंद्र सरकार पर ईडी, सीबीआई और ज्यूडिसरी का दुरुपयोग करने का लगाया आरोप
यमुनानगर न्यूज़: इनेलो के सुप्रीमों एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार ईडी, सीबीआई व ज्यूडिसरी का दुरुपयोग कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा इस प्रकार की परिस्थितियों को बदलने के लिए देश में निश्चित तौर पर तीसरे मोर्चा का गठन किया जाएगा। देश के सभी विपक्षी दल मिलकर तीसरे मोर्चा का गठन करेंगे। उन्होंने उक्त शब्द शहर के मॉडल टाउन स्थित इनेलो के राष्ट्रीय प्रवक्ता अश्वनी दत्ता के निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहे।
पूर्व मुख्यमंत्री चौ. ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि प्रजातांत्रिक प्रणाली में जनप्रतिनिधि चुनाव जीतकर आते हैं और सरकारें बनती हैं। मगर आज देश में सरकारों की कार्यप्रणाली में रुकावटें पैदा की जा रही हैं। जनप्रतिनिधियों को ईडी, सीबीआई और ज्यूडिसरी के माध्यम से डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में बन रही इन परिस्थितियों को बदलने के लिए तीसरे मोर्चा का निश्चित तौर पर गठन होगा। जिसमें देश के सभी विपक्षी दल भाग लेकर तीसरे मोर्चा का गठन करेंगे। चौटाला ने कहा कि जब वह मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने बेरोजगारों को नौकरी देने का काम किया। मगर उन्हें युवाओं को नौकरी देने के नाम पर दस साल तक जेल की सलाखों के पीछे डाला गया। मगर वह घबराने वाले नहीं हैं। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को प्रदेश के फतेहाबाद में पूर्व उपप्रधानमंत्री एवं जननायक चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश के विपक्षी राजनैतिक दलों के अग्रणीय नेता भाग लेंगे। जजपा के इनेलो में शामिल होने के सवाल पर चौ. ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि परिस्थितियों के अनुरुप निर्णय लिया जाएगा। मगर जिन्होंने इनेलो के साथ गद्दारी की है, उन्हें शामिल नहीं किया जाएगा। उन्होंने पंचायती चुनाव इनेलो के सिबल पर लड़ने का ऐलान किया। चौटाला ने कहा कि किसानों को अपनी जमीन बचाने के लिए स्वयं आगे आकर लड़ना होगा।