Faridabad: मिट्टी में दबने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल, दिल्ली रेफर
"पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्जकर जांच शुरू की"
फरीदाबाद: फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर मिट्टी में दबने से घायल दोनों मजदूर को गंभीर हालत में शनिवार दोपहर दिल्ली के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। दूसरी तरफ, मृत महिलाओं के शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके परिजन को सौंप दिया गया। जीआरपी थाने की पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से पश्चिम बंगाल के दनेछपुर का निवासी गोबिंद नामक एक घायल मजदूर ने राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) थाने की पुलिस को हादसे की सूचना दी है। गोबिंद ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि वह करीब दो महीने से फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर किए जा रहे निर्माणकार्य में ठेकेदार के अंदर काम करता है। इस कार्य में ठेकेदार नमीस दीपक बिल्डर्स के कंस्ट्रक्शन कंपनी में ठेकेदारी करता है। पीड़ित के अनुसार वह और मृतका नंदिता नसीम ठेकेदार और काजल व मृतका नमिता अरुण ठेकेदार के पास काम करते हैं।
शुक्रवार सुबह 8 बजे से रेलवे स्टेशन के पश्चिम की तरफ मुख्य द्वार के पास पिलर के लिए जेसीबी से मिट्टी खुदाई का काम किया गया। इसके बाद वह नमिता, नंदिता और काजल उस गड्ढे में उतरकर मिट्टी को समतल करने लगे। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिट्टी भरभराकर उन चारों पर गिर गई। हादसे में मिट्टी के ढेर के नीचे चारों मजदूर दब गए। हादसे में नमिता और नंदिता की मौत हो गई थी। वहीं, गोबिंद समेत दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस दौरान उनको नजदीक के अस्पताल ले जाया गया था। शनिवार दोपहर दोनों की हालत में सुधार न देखते हुए उन्हें दिल्ली के अस्पताल भेज दिया गया।