Faridabad: सेवानिवृत्त अधिकारी से डिजिटल अरेस्ट कर 77 लाख रुपये की ठगी

"वीडियो कॉल पर भी आरोपी पुलिस की वर्दी पहने हुए थे"

Update: 2025-05-19 11:18 GMT

फरीदाबाद: सेक्टर-21 एरिया में रहने वाले दिल्ली स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त एक अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर 77 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी साइबर ठगों ने मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बनकर जेट एयरवेज के मालिक के साथ हुई ठगी के केस से नाम हटाने की एवज में रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरोपियों ने वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट किए रखा। वीडियो कॉल पर भी आरोपी पुलिस की वर्दी पहने हुए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

पुलिस को यह शिकायत सेक्टर-21 एरिया में रहने वाले राजेंद्र शर्मा ने दी है। वे दिल्ली स्वास्थ्य विभाग से उच्च पद से सेवानिवृत्त हैं। इनका कहना है कि कुछ दिन पहले उन्हें एक अनजान नंबर से मैसेज व कॉल आए। कॉल करने वाले खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बता रहे थे। आरोपियों ने कहा कि आपके आधार कार्ड का प्रयोग कर एक बैंक खाता खोला गया है। जेट एयरवेज के मालिक के साथ हुई ठगी मामले में ठगी के रुपये इस खाते में आए हैं। पीड़ित ने कहा कि इससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन आरोपियों ने केस से नाम हटाने की एवज में 30 लाख और 47 लाख रुपये की दो ट्रांजेक्शन करने को कहा। शिकायतकर्ता को वीडियो कॉल किया तो आरोपी पुलिसकर्मी की वर्दी में थे। आरोपियों ने एक कमरे में उन्हें अलग रहने को कहा। जिससे वो काफी डर गए और आरोपियों के बताए गए बैंक खातों में 77 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास हुआ और शिकायत पुलिस को दी गई। जिस पर अब साइबर क्राइम थाना एनआईटी की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।

Tags:    

Similar News