फरीदाबाद: बीके अस्पताल में जल्द ही नशा मुक्ति के लिए ओपीडी सेवा एक बार फिर शुरू की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने इस दिशा में कार्य तेज कर दिया है और उच्च अधिकारियों से मनोचिकित्सक व प्रशिक्षित काउंसलर की मांग की गई है।

यह ओपीडी मेडिकल वार्ड में संचालित की जाएगी। जहां नशा छोड़ने के इच्छुक मरीजों को परामर्श, इलाज और निगरानी की सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि अस्पताल में करीब एक साल पहले तक यह सेवा उपलब्ध थी, लेकिन मनोचिकित्सक के ट्रांसफर के बाद ओपीडी बंद कर दी गई थी। इसके चलते नशा छोड़ने की इच्छा रखने वाले मरीजों को इलाज के लिए बाहर भेजा जा रहा था। अब मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या और जरूरत को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने ओपीडी को दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। यह पहल युवाओं को नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाएगी और समाज को स्वस्थ दिशा देने की ओर एक सकारात्मक कदम होगा।

जैसे ही स्टाफ की नियुक्ति होगी, ओपीडी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। यह कदम सिर्फ मरीजों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी राहत भरा होगा। ओपीडी में दवा, परामर्श और नियमित निगरानी के जरिए मरीजों को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने की कोशिश की जाएगी। -डॉ. जयंत आहूजा, सिविल सर्जन, बीके अस्पताल

Tags: