फरीदाबाद: सेक्टर-37 स्थित होटल जोया में दिल्ली विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय छात्रा अरुणा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को हत्या का शक है। होटल के कमरे से उसके प्रेमी विपिन यादव के हस्ताक्षर वाले दो हस्तलिखित नोट मिले हैं। इनमें विपिन ने अरुणा के साथ आठ साल पुराने प्रेम संबंधों का जिक्र करते हुए उसकी हत्या के बाद आगरा नहर में कूदकर खुदकुशी करने की बात लिखी है।

पुलिस के मुताबिक, अरुणा और विपिन 23 नवंबर को होटल के कमरा नंबर 204 में ठहरे थे। सीसीटीवी फुटेज में विपिन सोमवार शाम कमरे से बाहर निकलता दिखाई दिया, लेकिन वापस नहीं लौटा। मंगलवार दोपहर होटल कर्मचारियों ने कमरा खुलवाया तो अरुणा मृत मिली। कमरे से चूहे मारने की दवा के खाली रैपर भी बरामद हुए हैं।

दूसरे नोट में कई लोगों के साथ लाखों रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज है। पुलिस आगरा नहर में विपिन की तलाश कर रही है और होटल समेत आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: