नारनौल में होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, रॉड-डंडों से तोड़फोड़ कर फरार हुए हमलावर
बोलेरो कैंपर में आए बदमाशों का तांडव, होटल पर फायरिंग और जमकर तोड़फोड़
नारनौल: हरियाणा के नारनौल में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आए। गांव कूकसी में मंगलवार देर रात बोलेरो कैंपर में सवार होकर पहुंचे तीन से चार युवकों ने एक होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से होटल में जमकर तोड़फोड़ की। हमलावरों ने बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी निशाना बनाया और उसके शीशे तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस वारदात में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस और दो चले हुए कारतूसों के खोल बरामद किए हैं।
बोलेरो कैंपर में सवार होकर पहुंचे हमलावर
गांव डेरोली निवासी उदय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव कूकसी में सांवलिया सेठ के नाम से होटल बनाया हुआ है। मंगलवार देर रात वह होटल के ऑफिस में बैठा था और कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान बोलेरो कैंपर में सवार होकर तीन से चार युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि होटल पहुंचते ही युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलियां चलने से होटल में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने इधर-उधर छिपकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हमलावरों ने होटल के ऑफिस सहित अन्य हिस्सों में लोहे की रॉड और डंडों से तोड़फोड़ शुरू कर दी।
स्कॉर्पियो को भी बनाया निशाना
आरोपियों ने होटल में लगे कई शीशे तोड़ दिए। इसके बाद बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गाड़ी पर हमला कर उसके शीशे भी चकनाचूर कर दिए। वारदात के बाद सभी आरोपी उसी बोलेरो कैंपर में बैठकर मौके से फरार हो गए।
हमलावरों के जाने के बाद होटल मालिक ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस और दो खाली कारतूस के खोल बरामद किए हैं।
सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी
होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में हमलावरों की पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। होटल मालिक ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
शादी समारोह में विवाद के बाद हमले की आशंका
सदर थाना एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि दो दिन पहले एक शादी समारोह में होटल मालिक का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। शुरुआती जांच में इसी पुरानी रंजिश के चलते हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल किए गए राउंड और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।