दीपक जैन का बीजेपी पर बड़ा आरोप: सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी का दिया तोहफा
हरयाणा पॉलिटिक्स न्यूज़: आम आदमी पार्टी के युवा हरियाणा प्रभारी दीपक जैन ने कहा कि बीजेपी के शासनकाल में हरियाणा में बेरोजगारों की फौज तैयार हो गई है। हरियाणा को बीजेपी ने बेरोजगारी का तोहफा दिया है। अब हरियाणा के नागरिक आम आदमी पार्टी में अपना और अपनी आने वाली पीढिय़ों का भविष्य देख रहे हैं। यह बात उन्होंने बुधवार को यहां पत्रकार वार्ता में कही। युवा हरियाणा प्रभारी दीपक जैन ने सरकार के सात साल के कार्यकाल को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सरकार विज्ञापनों के जरिए वाहवाही लूटती रहती है, जबकि हकीकत इससे कोसों परे है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की हरियाणा सरकार में दोनों दल वाहवाही लूटने में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आप की सरकार से सीख ले सकती है। आप कार्यकर्ता अभय जैन एडवोकेट ने आंकड़ों के आधार पर कहा कि हरियाणा बेरोजगारी में पहले नंबर पर आ गया है। यह सरकार की बहुत बड़ा फेलियर है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2016 में जहां हरियाणा में बेरोजगारी दर 13.6 प्रतिशत थी, वह अप्रैल 2018 में बढ़कर 21.4 प्रतिशत हो गई। इसी तरह अप्रैल 2019 में बेरोजगारी दर 26.4 प्रतिशत हो गई। कोरोना काल में वर्ष 2020 में बेरोजगारी दर 43.2 प्रतिशत हो गई। इसके बाद अप्रैल 2021 में बेरोजगारी दर 35.1 प्रतिशत और अब अप्रैल 2022 में बेरोजगारी दर 26.7 प्रतिशत हो चुकी है।
हरियाणा में क्लर्क भर्ती में घोटाले का आरोप लगाते हुए आप के युवा जिला अध्यक्ष रुस्तम चौहान ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2019 में 4850 क्लर्क के पदों पर भर्ती में भी घोटाला हुआ है। दक्षिण हरियाणा युवा अध्यक्ष धीरज यादव ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी को काफी हद तक प्रभावित कर दिया है। कागजों में सरकार गरीबों को खत्म करके वाहवाही लूटना चाह रही है, जबकि मध्यमवर्गीय भी आज गरीब होते जा रहे हैं।