Bhiwani: हरियाणा एससी आयोग के उपाध्यक्ष ने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया
सुनी जनसमस्याएं
भिवानी: हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के वाईस चेयरमैन विजेंद्र बडगुजर ने जिला के गांव निमड़ीवाली का दौरा किया तथा खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। गांव में पहुंचने पर वाईस चेयरमैन का ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर ह्यूमन राईट एंड एंटी करप्शन कौंसिल के चेयरमैन अधिवक्ता शिवकुमार बेडवाल ने उन्हे एक मांगपत्र सौंपा तथा कहा कि हरियाणा सरकार की तरफ से ग्रामीणों को करीबन १५० प्लॉट नि:शुल्क उपलब्ध करवाए गए थे, जिनकी रजिस्ट्री भी हो चुकी है। लेकिन इंतकाल अभी तक पैंडिंग है। जिसके कारण प्लॉट होने के बावजूद भी ग्रामीणों को अभी तक पूरी तरह से मालिकाना हक नहीं मिल पाया है।
अनुसूचित जाति की फिरणी काफी वर्षो से टूटी हुई है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा इसी मार्ग में स्कूल भी पड़ता है, जिससे स्कूली बच्चों को कीचड़ से होकर स्कूल तक जाना पड़ता है। मांगपत्र के माध्यम से गांव में खारे पानी की समस्या से भी उन्होंने वाईस चेयरमैन को अवगत करवाया। चेयरमैन अधिवक्ता शिवकुमार बेडवाल ने कहा कि उपरोक्त समस्याओं से गांव निमड़ीवाली के ग्रामीण खासे परेशान है, जिनका जल्द से जल्द समाधान किया जाना चाहिए। इस मौके पर वाईस चेयरमैन ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया तथा कहा कि सरकार व आयोग प्रत्येक जन की छोटी से छोटी समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा आमजन को आने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए खुला दरबार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हे। इस अवसर पर कौंसिल के सचिव अजय सभ्रवाल, बबलू ठेकेदार, प्रो. अश्विनी संभ्रवाल, राजेश नंबरदार, नरेश सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।