दो बेटों के बाद पति-बेटी को भी ले गया अपने ससुराल, परेशान महिला ने फंदा लगाकर दी जान

हरियाणा के रोहतक शहर की कमल कॉलोनी में एक महिला कामिनी (28) ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी।

Update: 2022-01-22 17:56 GMT

हरियाणा के रोहतक शहर की कमल कॉलोनी में एक महिला कामिनी (28) ने घर के अंदर फंदा लगाकर जान दे दी। क्योंकि उसका पति दो बेटों के बाद बेटी को भी अपने साथ ससुराल ले गया। मृतका की मां ने बेटी के पति व सास सहित छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करवाया है।

पुलिस के मुताबिक, मकड़ौली गांव निवासी मुन्नी देवी ने दी शिकायत में बताया कि उसके दो बेटे व एक बेटी है। जबकि पति झज्जर जिले के दहकोरा अस्पताल में नौकरी करते हैं। बेटी कामिनी की शादी 11 साल पहले हिसार के सोरखी गांव निवासी राजेश के साथ हुई थी। उसकी बेटी के तीन बच्चे हैं, जिसमें दो लड़के व एक लड़की है। कामिनी को उसका पति राजेश व सास पार्वती सहित ससुराल के दूसरे लोग कम दहेज लाने के चलते तंग रखते थे।
उसके साथ मारपीट की जाती। इसके चलते कामिनी 3-4 माह से उसके पास ही रह रही थी। ससुराल वालों ने पहले ही उसके दोनों लड़के छीन लिए थे। बेटी कामिनी के साथ रहती थी, लेकिन दिसंबर में जब वह दिल्ली गई हुई थी तो पीछे से कामिनी की बेटी को उसका पिता अपने साथ ले गया।
तीनों बच्चों के जाने व ससुराल वालों के उत्पीड़न के चलते वह परेशान हो गई। डेढ़ माह से वह कमल कालोनी में किराये पर रहने लगी। शुक्रवार को वह गैस सिलेंडर लेने के लिए मकड़ौली चली गई। वापस आई तो कामिनी अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर लटकी मिली।
बेटी को फंदे से उतरवाने कोई नहीं आया
मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि उसने कामिनी को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन अकेली सफल नहीं हो सकी। सहायता के लिए आसपास के लोगों को आवाज दी। कोई नहीं आया। उसने चारपाई खड़ी की और उसके ऊपर चढ़कर किसी तरह चुन्नी को खींचा। कामिनी फंदा खुलते ही चारपाई पर गिर गई। मामले की सूचना पुलिस हेल्प लाइन नंबर 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कामिनी को पीजीआई में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
न्याय के लिए अदालत जाना चाहती थी कामिनी
मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी चाहती थी कि वह अदालत के माध्यम से अपने बच्चों को वापस हासिल करे और पति से गुजारा भत्ते ले। इसके लिए उसने कागजात तक तैयार करवा लिए थे, लेकिन मायके वाले चाहते थे कि किसी तरह कामिनी का घर बस जाए। मां मुन्नी देवी का कहना है कि वह बेटी को लेकर उसकी ससुराल गई थी, लेकिन ससुराल वालों ने घर में घुसने नहीं दिया।
आरोपी पति व सास सहित अन्य के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने व दहेज मांगने का केस दर्ज कर लिया है। कोरोना रिपोर्ट मिलने ही शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करेंगे।- सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी सिविल लाइन


Tags:    

Similar News