Haryana के सरकारी स्कूलों के 72 छात्रों ने जेईई-एडवांस परीक्षा पास की मंत्री
हरियाणा Haryana : शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा है कि राज्य सरकार पिछले 10 वर्षों से अंत्योदय के मूल मंत्र के साथ हर गरीब व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में हरियाणा शिक्षा विभाग ने गरीब विद्यार्थियों को आईआईटी और जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए सुपर 100 कार्यक्रम चलाया है। आईआईटी और जेईई-एडवांस्ड 2025 के नतीजों ने साबित कर दिया है कि सरकारी स्कूल अब सिर्फ शिक्षा केंद्र नहीं रह गए हैं, बल्कि संभावनाओं का एक सशक्त मंच बन गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि हरियाणा के सरकारी स्कूलों के आईआईटी और जेईई-एडवांस्ड 2025 का परिणाम 37 प्रतिशत रहा है, जो राष्ट्रीय स्तर से काफी अधिक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सुपर 100 के सरकारी स्कूलों के 193 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से 72 उत्तीर्ण हुए हैं, जिनमें सामान्य वर्ग के 37, पिछड़ा वर्ग के 20 तथा अनुसूचित जाति के 30 विद्यार्थी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा परिणाम का सबसे प्रगतिशील और सकारात्मक पहलू यह है कि इस परीक्षा में 24 लड़कियों ने सफलता प्राप्त की है। यह राज्य सरकार द्वारा लड़कियों को शिक्षा के क्षेत्र में दी जा रही बेहतरीन सुविधाओं का परिणाम है।