Gurugram गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने फोन पर क्रेडिट कार्ड विभाग के कर्मचारी बनकर लोगों को ठगने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने साइबर जालसाजों को बैंक खाते की जानकारी मुहैया कराई। आरोपियों की पहचान सुधीर कुमार, हिमांशु और आशीष कुमार के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
साइबर पुलिस की एक टीम ने बुधवार को इन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि ठगी की गई रकम में से 1.99 लाख रुपये सुधीर के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे, जिसने 5 फीसदी कमीशन के बदले अपना बैंक खाता हिमांशु को दे दिया था। एसीपी (साइबर) विकास कौशिक ने बताया, "इसके बाद हिमांशु ने यह बैंक खाता 3 फीसदी कमीशन पर आशीष को बेच दिया और आशीष ने भी यह बैंक खाता 3 फीसदी कमीशन पर साइबर जालसाजों को बेच दिया।"