2 करोड़ की फिरौती मांगी फिर ऑफिस पर बरसाईं गोलियां, मुठभेड़ में दो घायल
धमकी के आधे घंटे बाद ऑफिस पर फायरिंग
Sonipat सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और कारोबारी के कार्यालय पर फायरिंग करने के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। नेशनल हाईवे-334B पर गांव हरसाना के पास स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को काबू कर अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक खरखौदा निवासी दीपक को देर रात फोन कर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। आरोपियों ने कथित तौर पर नंदू गैंग का नाम लेते हुए रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
धमकी के आधे घंटे बाद ऑफिस पर फायरिंग
फिरौती की धमकी दिए जाने के करीब आधे घंटे बाद बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक खांडा रोड स्थित दीपक के कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने कार्यालय को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्पेशल एंटी गैंगस्टर यूनिट सक्रिय हुई और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस पर भी फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक पीछा और घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
घायल आरोपियों की पहचान भटाना निवासी अंकित और लहराड़ा निवासी हर्ष के रूप में बताई गई है। दोनों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीन देसी पिस्तौल और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन देसी पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद करने की बात कही है।
मुठभेड़ की सूचना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस फिरौती की धमकी, कार्यालय पर फायरिंग और आरोपियों के कथित गैंग कनेक्शन समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।