हरियाणा के यमुना नदी में बैल-बुग्गी सवार 19 यात्री डूबने से बचे

यमुना क्रास करते समय बैल-बुग्गी बीच में गड्ढे में फंस गई।

Update: 2022-03-25 18:52 GMT

बागपत,  यमुना क्रास करते समय बैल-बुग्गी बीच में गड्ढे में फंस गई। गोताखोरों ने बड़ी मशक्कत कर बुग्गी में सवार हरियाणा के 19 यात्रियों को सकुशल यमुना से बाहर निकाला। इससे एक बड़ा हादसा होने से बचा।

हरियाणा के जनपद सोनीपत के ग्राम पोसरा के 19 महिला, पुरुष और बच्चे शुक्रवार को बागपत नगर में साप्ताहिक बाजार में सामान की खरीदारी करने के लिए आ रहे थे। यमुना क्रास करने के लिए बैल-बुग्गी में बैठ गए थे। यमुना के बीच में बुग्गी का पहिया गड्ढे में फंस गया। बैल की पिटाई की गई, लेकिन पहिया गड्ढे से निकालने के बजाए बैल पानी में बैठ गया। बुग्गी सवार यात्रियों की डूबने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। उनके शोर मचाने पर यमुना में पहले से डूबे किशोर को तलाश कर रहे गोताखोर इरफान की टीम तुरंत बुग्गी की ओर दौड़ पड़ी। गोताखोरों ने बुग्गी में सवार यात्रियों को रबर की ट्यूब पर बैठाकर सकुशल यमुना से बाहर निकाला।
चंद रुपये के लालच में लोगों की जिदगी से खिलवाड़
यमुना में एक तरफ अवैध रूप से बालू का खनन किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ कई व्यक्ति बैल-बुग्गियों से यात्रियों को यमुना क्रास कराते हैं। ज्यादा रुपये कमाने के लिए बुग्गियों में काफी अधिक यात्रियों को बैठाते हैं। पूर्व में कई बार हादसे हो चुके हैं। ग्राम काठा के नाव हादसे की पुनरावृत्ति होने से बचे। पुलिस-प्रशासन का इस और जरा भी ध्यान नहीं है।

Tags:    

Similar News

-->