Jamnagar , जामनगर: वंतारा को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि जॉन ई. स्कैनलन AO ने उसकी नई बनी पांच-सदस्यीय गवर्निंग काउंसिल के पहले चेयरमैन के तौर पर काम करने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। काउंसिल के पास वंतारा के संरक्षण, देखभाल, पुनर्वास और नियमों के पालन से जुड़ी गतिविधियों की देखरेख की पूरी ज़िम्मेदारी है, जिसमें किसी जानवर को लाने के हर फैसले पर अंतिम अधिकार भी शामिल है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, स्कैनलन ने कहा, "वंतारा ने अपने कामकाज को नए सिरे से शुरू करने के लिए साहसिक कदम उठाते हुए बाहरी सलाह ली है, उसे अपनाया है और उस पर अमल किया है। इस बदलाव के तहत, उसने स्वेच्छा से अपनी आंतरिक जांच-पड़ताल (ड्यू डिलिजेंस), गवर्नेंस, विशेषज्ञता और प्रक्रियाओं को मजबूत करने और 'एक्स-सीटू' (प्राकृतिक आवास से बाहर) बचाव कार्यों से हटकर भारत सहित विभिन्न देशों को 'इन-सीटू' (प्राकृतिक आवास में) सहायता प्रदान करने की दिशा में आगे बढ़ने का फैसला किया है।" स्कैनलन ने आगे कहा, "जैसे-जैसे वंतारा का विस्तार होगा और वह इन बदलावों को अपने दैनिक कामकाज में शामिल करेगी, पशु कल्याण, वन्यजीव संरक्षण और मिल-जुलकर रहने की भावना को बढ़ावा देने में उसका वैश्विक प्रभाव बढ़ता जाएगा। मैं वंतारा को उसके नए लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करने और एक स्थायी, परिवर्तनकारी प्रभाव डालने के लिए उत्सुक हूं।" स्कैनलन वंतारा के लिए व्यापक अनुभव और विशेषज्ञता लेकर आए हैं; उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्रों में हर महाद्वीप और सेक्टर में काम किया है। पेशे से वकील रहे स्कैनलन ने प्राइवेट सेक्टर, सरकार, संयुक्त राष्ट्र, अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं और गैर-लाभकारी संगठनों में वरिष्ठ नेतृत्व की भूमिकाएं निभाई हैं। उन्हें उनकी रणनीतिक दूरदर्शिता और वास्तविक दुनिया में परिवर्तनकारी कदम उठाने की क्षमता के लिए वैश्विक स्तर पर पहचाना जाता है।
वंतारा ने सबसे पहले इस साल अप्रैल में स्कैनलन से संपर्क किया था और उनसे वंतारा पर एक स्वतंत्र रिपोर्ट और कुछ सुझाव देने को कहा था। उन्हें ऐसी शर्तों पर नियुक्त किया गया था जिनसे वंतारा से उनकी पूरी स्वतंत्रता सुनिश्चित हो सके। कई बार विस्तार से दौरा करने के बाद, उन्होंने एक स्वतंत्र रिपोर्ट और सुझाव सौंपे। वंतारा ने उनके सुझावों को पूरी तरह से लागू करने का संकल्प लिया। इसके बाद, उनसे अनुरोध किया गया कि वे स्वतंत्र रूप से आगे की भूमिकाएं निभाएं ताकि इन सुझावों को लागू करने में वंतारा की मदद कर सकें और आम तौर पर मार्गदर्शन और सहायता प्रदान कर सकें।
स्कैनलन को गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन के तौर पर अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए एक स्वतंत्र सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया है। 2019 में, स्कैनलन को अंतरराष्ट्रीय संगठनों के साथ काम करते हुए वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित 'ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया' (AO) सम्मान से नवाजा गया था। उन्हें एडिलेड यूनिवर्सिटी डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड, प्रतिष्ठित चीनी सरकार फ्रेंडशिप अवॉर्ड, फाइनेंशियल क्राइम फाइटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड और इनोवेशन के लिए UNEP बाओबाब अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।