प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- '22 वर्ष के बच्चों को नहीं पता कि पहले गुजरात में रहता था अंधेरा'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा जिले के दियोदर में महिला पशुपालकों से संवाद करते हुए.

Update: 2022-04-19 16:29 GMT

पालनपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा जिले के दियोदर में महिला पशुपालकों से संवाद करते हुए कहा कि गुजरात में 22 वर्ष के बच्चों को पता नहीं होगा कि पहले गुजरात में अंधेरा रहता था। मोदी ने 20 से अधिक गायों को रखने वाली महिलाओं के बारे में पूछा। इस पर एक महिला ने कहा कि उसके पास 45 गाय और 85 भैंस हैं। एक करोड़ 26 लाख रुपए के दूध का कारोबार किया है। एक अन्य महिला ने कहा कि उन्होंने एक वर्ष में 36 लाख के दूध का कारोबार किया है।

एक महिला पशुपालक ने प्रधानमंत्री को बताया कि ज्योतिग्राम योजना के कारण क्षेत्र में बिजली की व्यवस्था होने के बाद गांव में 24 घंटे बिजली मिल रही है। इससे अच्छा कारोबार भी संभव हुआ है। इस पर मोदी ने कहा कि गुजरात में 22 वर्ष के बच्चों को पता नहीं होगा कि पहले गुजरात में अंधेरा रहता था। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में गुजरात में भाजपा की सरकार बनने के बाद महिलाओं को सशक्त करने के अनेक कदम उठाए।

पहले महिलाओं के नाम पर कुछ नहीं खरीदा जाता

मोदी ने कहा कि पहले मकान, दुकान, वाहन, ट्रैक्टर आदि या तो पति या पुत्र के नाम पर होते थे। महिलाओं के नाम पर कुछ भी खरीदा नहीं जाता था। उनके नेतृत्व में गुजरात में सरकार बनने के बाद महिलाओं के नाम पर खेत खरीदने के बाद स्टांप ड्यूटी घटाई, प्रधानमंत्री आवास योजना में महिलाओं के नाम पर आवास आवंटित किए।

प्रत्येक जिले में 75 बड़े तालाब बनाने की अपील

एक महिला ने प्रधानमंत्री ने टपक सिंचाई की की जानकारी दी। इस पर मोदी ने प्रत्येक जिले में 75 बड़े तालाब बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में आगामी बरसात से पहले यह तालाब बनाने का काम पूरा करना है ताकि मानसून के दौरान तालाब भरने से गांवों में पानी मिलता रहेगा, इससे गांव का पानी गांव में रहेगा।
मोदी ने किसानों की सराहना करते हुए कहा कि टपक सिंचाई पद्धति का उपयोग करने में गुजरात प्रथम स्थान पर पहुंच गया। नर्मदा का पानी पहुंचने के कारण इतना लाभ हुआ है कि बनासकांठा जिला कई प्रकार की खेती में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी बचाने में प्रत्येक नागरिक ने सहयोग किया है। एक महिला ने क्षेत्र में खेत तलाब बनाने की जानकारी दी।

नडाबेट के बारे में पूछा

मोदी ने महिला पशुपालकों से पूछा कि नडाबेट कौन-कौन गई हैं, इसके जवाब में एक महिला ने कहा कि वह परिवार के साथ नडाबेट गई थी। मोदी ने कहा कि इससे पता चला होगा कि सीमा सुरक्षा बल क्या करता है। एक महिला ने मोदी को गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए 108 एंबुलेंस सेवा शुरू करने की सराहना की। मोदी ने पूछा कि फोन करने के कितने समय में एंबुलेंस आती है, महिला ने कहा कि आधे घंटे में एंबुलेंस आती है।

पशुओं का कराएं वैक्सीनेशन

मोदी ने इस संवाद में मौजूद महिलाओं से कोरोना रोधी वैक्सीन लगवाने के बारे में भी पूछा। इस पर महिलाओं ने कहा कि सभी ने वैक्सीन लगवाई है। मोदी ने कहा कि अब पशुओं का भी वैक्सीनेशन किया जा रहा है। उन्होंने पशुओं का वैक्सीनेशन करवाने के साथ ही पशुओं को नंबर का टैग लगवाने की भी अपील की।
मोदी ने शहद के कारोबार के बारे में भी पूछा। एक महिला ने रायड़े (सरसों) की खेती करने की जानकारी दी। मोदी ने कहा कि रायड़े की खेती के लिए बनासकांठा जिला काफी अच्छा है। महिलाओं ने सौंफ, आजवाईन की भी खेती करने की जानकारी दी। मोदी ने कहा कि छोटी-छोटी उपज से खेती में उत्पादन बढ़ता है। मोदी ने कहा कि गोबर गैस से भी महिलाएं कमाई कर रहीं हैं।


Tags:    

Similar News

-->