गुजरात में 60 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता, पीएम मोदी करेंगे ऊर्जा का संचार

भाजपा की प्रयोगशाला 'गुजरात का अभिनव पेज कमेटी अभियान प्रयोग जल्द ही देशभर में पार्टी संगठन की ओर से आजमाया जाएगा।

Update: 2022-01-22 13:57 GMT

सूरत. भाजपा की प्रयोगशाला 'गुजरातÓ का अभिनव पेज कमेटी अभियान प्रयोग जल्द ही देशभर में पार्टी संगठन की ओर से आजमाया जाएगा। इसकी संगठन स्तर पर जोरदार तैयारियां हो रही है और इस बीच गुजरात प्रदेश में पेज कमेटियों में शामिल 60 लाख कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 जनवरी को संबोधित कर उनमें नई ऊर्जा का संचार करेंगे।

भाजपा संगठन का पेज कमेटी अभियान सबसे पहले गुजरात में 2019 के लोकसभा चुनाव में नवसारी लोकसभा क्षेत्र में प्रयोग में लिया गया था। पेज कमेटी अभियान के बेहतर प्रयोग का ही परिणाम रहा कि भाजपा के प्रत्याशी व मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल देश में सर्वाधिक 6 लाख 89 हजार 688 मतों के अंतर से जीतकर तीसरी बार संसद में पहुंचे थे। गौरतलब है पहली बार पेज कमेटी अभियान के प्रयोग के तौर पर नवसारी लोकसभा क्षेत्र के 2900 बूथ पर भाजपा संगठन ने 54 हजार से ज्यादा पेज कमेटी बनाकर तब 2 लाख 16 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं की फौज को चुनाव प्रचार में उतारा था। चुनाव में पेज कमेटी के एक-एक सदस्य कार्यकर्ता ने चार-चार वोट की जिम्मेदारी ली थी और परिणाम स्वरूप पाटिल को 9 लाख 72 हजार वोट मिले थे जो कि कुल मतदान का 74 फीसदी हिस्सा था।
2019 के लोकसभा चुनाव के बाद पेज कमेटी अभियान का सिलसिला पूरे गुजरात में पहुंचा और उसी का परिणाम यह भी निकला कि विधानसभा उपचुनाव, महानगरपालिका चुनाव, जिला व तहसील पंचायत चुनाव सभी में भाजपा ने बम्पर जीत हासिल की थी। स्थानीय निकाय चुनाव के अब करीब एक वर्ष बाद फिर से गुजरात में पेज कमेटी के लाखों सदस्य कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 जनवरी को सुबह 11 बजे वर्चुअल संबोधन करेंगे।
यह है पेज कमेटी अभियान
एक मतदान केंद्र पर करीब एक हजार मत होते हैं और भाजपा की एक बूथ पर 33 या अधिक पेज कमेटी बनाने की नीति है। पेज कमेटी में एक पेज प्रमुख व तीन सदस्यों समेत कुल चार जनें होते हैं। एक बूथ पर 33 पेज कमेटी के आधार पर 132 कार्यकर्ता जुड़ जाते हैं और उन्हें चुनाव में पार्टी के पक्ष में उस बूथ से 70 फीसदी लीड पाने का लक्ष्य दिया जाता है, जिसे वे आसानी से हासिल कर लेते हैं। क्योंकि एक बूथ में 132 कार्यकर्ता के परिवार के सदस्यों की संख्या ही 4 के हिसाब से 528 हो जाती है और एक बूथ पर अपेक्षित मतदान 70 प्रतिशत तक अर्थात 700 वोट का रहता है।


Tags:    

Similar News

-->