नई दिल्ली: नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने सोमवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत 2025 के गुजरात साइबर टेररिज्म अटैक मामले की जांच के सिलसिले में पांच राज्यों में पांच जगहों पर तलाशी ली। ये तलाशी अभियान जुन्नार (पुणे, महाराष्ट्र), नडियाद (खेड़ा, गुजरात), रामागुंडम (करीमनगर, तेलंगाना), गोपालगंज (बिहार) और दिल्ली में चलाए गए। यह कार्रवाई 25 जून, 2025 को दर्ज किए गए मामले (RC-01/2025/NIA/AMD) की जांच के सिलसिले में की गई।
NIA के अनुसार, इस मामले के आरोपियों ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान केंद्र सरकार की 54 वेबसाइटों पर 'सोफिस्टिकेटेड DDoS अटैक' करने की कोशिश की थी। उन्होंने अहम कंप्यूटर रिसोर्स और क्रिटिकल इंफॉर्मेशन इंफ्रास्ट्रक्चर (CII) को निशाना बनाया था। उनका मकसद देश की संप्रभुता, सुरक्षा और एकता को नुकसान पहुंचाना और जनता में डर फैलाना था।
इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। यह मामला मूल रूप से गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड ने दर्ज किया था।जांच के दौरान, NIA ने बताया कि गहन तकनीकी विश्लेषण के जरिए उन संदिग्धों की पहचान की गई, जिन्होंने DDoS अटैक की तैयारी और इसके लिए जरूरी कौशल बढ़ाने में आरोपियों की मदद की थी।
सक्षम अदालत से सर्च वारंट जारी होने के बाद सोमवार सुबह इन जगहों पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान, एजेंसी ने हैकिंग गतिविधियों से जुड़े आपत्तिजनक सामान वाले कई डिजिटल डिवाइस और दस्तावेज जब्त किए। साथ ही, संदिग्धों से गिरफ्तार आरोपियों के साथ उनके संबंधों के बारे में पूछताछ की गई। उचित प्रक्रिया का पालन करते हुए कुल तीन लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन और पेन ड्राइव समेत अन्य डिजिटल डिवाइस जब्त किए गए।
Tags: