Gujarat गुजरात: शनिवार की सुबह एक बार फिर देश के अहम हिस्से में भूकंप के झटकों के साथ शुरू हुई। दरअसल, गुजरात के लोगों के लिए वीकेंड की शुरुआत धरती के हिलने के साथ हुई है। सुबह करीब 3:35 बजे उत्तर गुजरात के बनासकांठा जिले के वाव इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (ISR) के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र वाव इलाके में जमीन से करीब 4.9 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया है। इस झटके के बाद लोगों में थोड़ा डर जरूर देखा गया और कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।
गुजरात भूकंप संभावित इलाकों में शामिल है और यहां की धरती पहले भी कई बार हिल चुकी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, गुजरात की भौगोलिक संरचना इसे भूकंप के प्रति संवेदनशील बनाती है। खासकर कच्छ, जामनगर, बनासकांठा और गांधीनगर जैसे इलाके ज्यादा संवेदनशील हैं। वाव का यह इलाका गांधीनगर से महज 27 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिसके चलते राजधानी क्षेत्र में भी कुछ हल्के झटके महसूस किए गए।
हालांकि राहत की बात यह है कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने पुष्टि की है कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। फिर भी सुबह-सुबह लोगों की नींद में खलल पड़ा और कई जगहों पर कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति भी बनी रही।
Tags: