नवसारी: गुजरात के नवसारी में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद का मामला सामने आया है. सड़क पर बने बाधारूप मकानों को हटाने के लिए पहुंची टीम के सामने उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब उष्मानी चिकन दुकान में काम करने वाले कुछ लोगों ने डिमोलिशन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई. पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. इस घटना का वीडियो अब नवसारी महानगरपालिका ने जारी किया है.
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम की टीम सड़क पर आवागमन में बाधा बन रहे मकानों और अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी. इसी दौरान उष्मानी चिकन दुकान के कुछ कर्मचारियों ने कार्रवाई का विरोध किया. उन्हें आशंका थी कि पड़ोसियों की शिकायत और आवेदन के आधार पर ही नगर निगम यह कार्रवाई कर रहा है.
इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के साथ उनकी बहस शुरू हो गई. आरोप है कि विरोध कर रहे लोगों ने वहां मौजूद व्यक्तियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होने लगी.
इस पूरे घटनाक्रम को नवसारी महानगरपालिका की दबाव शाखा यानी अतिक्रमण विभाग की टीम ने कैमरे में रिकॉर्ड किया था. अब महानगरपालिका ने इस वीडियो को सार्वजनिक कर दिया है. वीडियो सामने आने के बाद डिमोलिशन कार्रवाई के दौरान हुए विवाद और मारपीट की चर्चा तेज हो गई है.
अतिक्रमण हटाने जैसी कार्रवाई के दौरान सरकारी टीम के सामने हुए इस हंगामे ने शहर में कानून-व्यवस्था और नगर निगम की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.
Tags: