CM योगी को वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का न्योता, निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
ऊर्जा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे पर गुजरात-यूपी के बीच सहयोग की कवायद
अहमदाबाद/लखनऊ: गुजरात के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में शामिल होने का निमंत्रण दिया। गुजरात के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रमणभाई सोलंकी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने और निवेश की नई संभावनाओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से भी मुलाकात कर उन्हें समिट के विशेष सत्रों में आमंत्रित किया।
बैठकों में बिजली वितरण सुधार, भूमिगत केबलिंग, शहरी बुनियादी ढांचे, पीपीपी मॉडल पर सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, फार्मा निर्यात और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ।
वर्ष 2003 में शुरू हुआ वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों तथा उद्योगपतियों के लिए एक प्रमुख मंच बन चुका है।