Gujarat के स्कूल के बाहर आठवीं कक्षा के छात्र ने सहपाठी को चाकू मारकर घायल कर दिया
Balasinor बालासिनोर: गुजरात के महिसागर ज़िले में एक स्कूल के बाहर हुए विवाद में आठवीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठी को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घटना अहमदाबाद के एक निजी स्कूल के बाहर इसी तरह के हमले में दसवीं कक्षा के एक छात्र की हत्या के कुछ दिनों बाद हुई है।
एक अधिकारी ने बताया कि बालासिनोर कस्बे में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय के गेट के पास गुरुवार को स्कूल बंद होने के बाद आठवीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठी पर किसी नुकीली चीज़ से हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: छात्र हत्या मामले की जाँच में चौंकाने वाले खुलासे
पुलिस अधीक्षक जयदीपसिंह जडेजा ने कहा, "पीड़ित के पिता की शिकायत के आधार पर, हमने आरोपी किशोर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित का फिलहाल एक अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।" उन्होंने बताया कि बालासिनोर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी किशोर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुँचाना) और 118 (खतरनाक हथियारों या हानिकारक साधनों से जानबूझकर चोट पहुँचाना या गंभीर चोट पहुँचाना) के तहत मामला दर्ज किया।
घायल लड़के के पिता के अनुसार, उनके बेटे पर एक मामूली बात पर हमला किया गया।
पीड़ित के पिता ने कहा, "मेरे बेटे के सहपाठी ने किसी मामूली बात पर गुस्सा होकर उस पर एक छोटे चाकू से वार कर दिया। मेरे बेटे की पीठ, पेट और कंधे के पास चाकू के घाव लगे हैं।"
मंगलवार को, अहमदाबाद के खोखरा इलाके में स्थित सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट स्कूल के मुख्य द्वार के पास, कथित तौर पर एक सहपाठी ने दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी।