Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद शहर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के 10 प्रमुख निजी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिली। इस सूचना के मिलते ही पुलिस प्रशासन एक्टिव हो गया और आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराया गया।हालांकि, घंटों तक चली सघन तलाशी के बाद पुलिस ने पुष्टि की है कि यह धमकी फर्जी थी और किसी भी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
जोन-1 के पुलिस उपायुक्त (DCP) हर्षद पटेल ने बताया कि ये धमकी भरे ई-मेल सुबह की पाली खत्म होने के बाद प्राप्त हुए थे। ई-मेल में दावा किया गया था कि दोपहर के समय स्कूलों में बम विस्फोट किए जाएंगे। एहतियात के तौर पर उन सभी स्कूलों में दोपहर की पाली के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई। विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, सभी 10 स्कूलों को भेजे गए ई-मेल की विषयवस्तु एक जैसी थी। हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने अभी ई-मेल की सटीक सामग्री का खुलासा नहीं किया है। अब इस मामले की जांच का केंद्र यह पता लगाना है कि ये मेल किसने और कहां से भेजे थे। अहमदाबाद पुलिस की साइबर अपराध शाखा ई-मेल के आईपी एड्रेस और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए भेजने वाले का पता लगाने में जुट गई है।