गोवा फिल्म फेस्टिवल में उत्तराखंड की धूम, फिल्म नीति ने खींचा ध्यान
बॉलीवुड की नई पसंद बन रहा उत्तराखंड, फिल्म शूटिंग को मिलेगा बढ़ावा
गोवा: प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी वादियों और ऐतिहासिक स्थलों के कारण उत्तराखंड फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। रविवार को गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 में उत्तराखंड की फिल्म नीति, शूटिंग सुविधाओं और स्थानीय कलाकारों के लिए उपलब्ध अवसरों को फिल्म जगत के सामने प्रस्तुत किया गया।
समारोह के वेव्स फिल्म बाजार में 'डेस्टिनेशन उत्तराखंड : जहां प्रकृति और सिनेमा का जादुई संगम होता है' विषय पर विशेष परिचर्चा आयोजित हुई। इसमें उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक केएस चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और फिल्म निर्माता राम रेड्डी शामिल हुए। परिचर्चा का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।
केएस चौहान ने बताया कि उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत पात्र हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों के निर्माण पर अधिकतम तीन करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था भी लागू की गई है।
उन्होंने कहा कि मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार सहित गढ़वाल एवं कुमाऊं के अनेक क्षेत्र फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त हैं। राज्य सरकार स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहित करने पर भी ध्यान दे रही है।
अभिनेत्री आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज 'लाइफ हिल गई' के निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण है और इसे देश-विदेश के निर्माताओं के लिए और आकर्षक बनाया जा सकता है।
फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने बताया कि अपनी फिल्म 'जुगनुमा' के लिए उपयुक्त शूटिंग स्थल तलाशने के दौरान वह 17 बार उत्तराखंड गए थे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर मिला।
परिचर्चा में बताया गया कि फिल्म निर्माण गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ पर्यटन, होटल, परिवहन और आतिथ्य क्षेत्र को भी लाभ हो सकता है।
आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के सामने एक आकर्षक शूटिंग गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया गया।